मौलाना अबुल लैस इस्लाही नदवी
(जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के संस्थापक अमीर (अध्यक्ष) थे, प्रथम कार्यकाल अवधि 1948-1972 तक रहा, 1981 में पुनः निर्वाचित हुए और 1990 तक इस पद पर बने रहे)
मौलाना अबुल लैस साहब का असल नाम मौलाना शेर मोहम्मद था । उनके वालिद का नाम तवज्जोह हुसैन था। उनकी पैदाइश 15 फरवरी 1913 को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के चांदपट्टी में हुई थी। उन्होंने अपनी शिक्षा नदवतुल ओलमा, लखनऊ और मदरसतुल इस्लाह, आजमगढ़, जो भारत के दो प्रसिद्ध इस्लामी शैक्षिक केन्द्र हैं, से प्राप्त की, जहां उन्होंने कुछ वर्षों तक अध्यापन का कार्य भी किया।
मौलाना अबुल लैस को 1944 में जमाअत-ए-इस्लामी की सदस्यता मिली। देश विभाजन के बाद, जमाअत के सदस्यों का अप्रैल 1948 में इलाहाबाद में दो-दिवसीय अधिवेशन आयोजित हुआ, उन्हें नवगठित संगठन – जमाअत-ए-इस्लामी हिंद का पहला अमीर (अध्यक्ष) चुना गया। वह 1972 तक इस पद पर बने रहे। 1981 में वह पुनः अमीर निर्वाचित हुए और 1990 तक इस पद पर बने रहे।
एक प्रख्यात आलिम-ए-दीन (इस्लामी विद्वान) के साथ-साथ मौलाना अबुल लैस एक महान लीडर भी थे। उन्होंने मुस्लिम मजलिस-ए-मुशावरत, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और उत्तर प्रदेश की ‘दीनी तालीमी काउंसिल’ की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी राजनीतिक सूझबूझ, शैक्षिक निपुणता और मुस्लिम मुद्दों पर सोचने का तरीका अद्वितीय और अनुकरणीय था। उनकी सादगी, धर्मपरायणता और अटूट धैर्य को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
मौलाना अबुल लैस लेखन कार्य में विशेष रुचि रखते थे और उर्दू, अरबी, हिंदी, अंग्रेजी और फारसी भाषाओं के ज्ञाता थे। जमाअत का नेतृत्व संभालने से पहले उन्होंने कई पत्रिकाओं का संपादन किया। उर्दू मासिक पत्रिका ‘जिंदगी’ में उनके संपादकीय पत्रकारिता के यादगार अंश हैं। वह इस्लाम और मुस्लिम समुदाय के लिए अरबी और उर्दू भाषाओं में लिखते थे। उनकी अंतिम पुस्तक ‘ जमाअत-ए-इस्लामी की तश्कील-ए-जदीद (नव-निर्माण): क्यों और कैसे‘, विभाजन के बाद जमाअत के विकास के एक बड़े हिस्से को कवर करती है और एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। उनका इंतिक़ाल 5 दिसम्बर 1990 को आजमगढ़ में हुआ।
