हमारी विरासत

गठन और संक्षिप्त पृष्ठभूमि:

जमाअत-ए-इस्लामी की स्थापना 26 अगस्त 1941 को अविभाजित भारत में मौलाना सैयद अबुल आला मौदुदी के नेतृत्व में लाहौर में हुई थी। भारत की स्वतंत्रता के बाद, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद  की आधिकारिक तौर पर स्थापना 16 अप्रैल 1948 को इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश में एक बैठक में की गई जिसके अपने मौलिक सिद्धांतों और एक अलग नेतृत्व और संरचना है।इलाहाबाद में जमाअत-ए-इस्लामी हिंद की पहली बैठक में 240 सदस्यों ने भाग लिया और मौलाना अबुल लैस इस्लाही नदवी इसके पहले अमीर (अध्यक्ष) निर्वाचित हुए। प्रारंभ में, संगठन का मुख्यालय सराय मीर, आज़मगढ़ जिला (यूपी) में था जिसे बाद में मलीहाबाद, लखनऊ, यूपी में स्थानांतरित कर दिया गया। इसे 1949 में रामपुर और फिर अंततः 1960 में नई दिल्ली स्थानांतरित कर दिया गया।

सामाजिक सेवा:

मानवता की सेवा इस्लामी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण पहलू है। जमाअत-ए-इस्लामी हिंद पहले दिन से ही गरीबी, बीमारी, अशिक्षा, भूख और बेरोजगारी उन्मूलन जैसी सामाजिक गतिविधियां के प्रति प्रयत्नशील है। इसी तरह, जमाअत बाढ़, अकाल, अग्नि-त्रासदी, भूकंप, मानव निर्मित या प्राकृतिक आपदाओं, महामारी या सांप्रदायिक दंगों जैसी विनाशकारी परिस्थितियों में पीड़ितों को बचाने और पुनर्वास करने में उनकी जाति, वर्ग, धर्म. पंथ में भेद की उपेक्षा करते हुए त्वरित और सक्रिय भूमिका निभाती है। यह संकट के समय में बिना किसी भेदभाव के पीड़ितों को निस्वार्थ रूप से हर संभव सहायता और संसाधन प्रदान करती है। यह हमेशा अपने समर्थकों, मुस्लिम समुदाय और सभी को सेवा के व्यक्तिगत कार्य करने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित करती है। जमाअत सेवा के अन्य सामूहिक प्रयासों में सहयोग करती है और जरूरतमंदों और वंचितों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारत में विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के साथ समन्वय करती है। जमाअत अपने कैडरों को गरीब इलाकों की समस्याओं को हल करने और ऐसे क्षेत्रों में बुनियादी जरूरतों के प्रावधान के लिए काम करने के लिए प्रोत्साहित करती है।

मैत्री, भाईचारा और शांति के प्रयास:

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद सभी धर्मों में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए अथक प्रयास करती है। जेआईएच लगातार अन्य धर्मों के धार्मिक प्रमुखों के साथ सहयोग और बातचीत करती है, ताकि विभिन्न धार्मिक विचारधाराओं के बीच चर्चा और संवाद हो सके। जमाअत अपने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सामाजिक बुराइयों को खत्म करने और मजबूत नैतिक मूल्यों को विकसित करने का प्रयास करती है। जमाअत फोरम फॉर डेमोक्रेसी एंड कम्युनल एमिटी (एफडीसीए) जैसे अंतर-धार्मिक मंचों और मूवमेंट फॉर पीस एंड जस्टिस (एमपीजे) जैसे गैर-सरकारी सामाजिक कल्याण समूहों में सक्रिय है। एफडीसीए और एमपीजे ने देश भर के कई हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में शांति लाने और नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाई है।

 

बाबरी मस्जिद के विध्वंस और सांप्रदायिक दंगों के बाद, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के नेताओं के साथ देश की प्रमुख हस्तियां जैसे न्यायमूर्ति वी.एम. तारकुण्डे, पूर्व विदेश सचिव मुचकुंद दुबे, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश वी.आर. कृष्णा अय्यर, आर्य समाज के स्वामी अग्निवेश और पत्रकार कुलदीप नय्यर ने भारत में विभिन्न समुदायों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए 1993 में फोरम फॉर डेमोक्रेसी एंड कम्युनल एमिटी (FDCA) की स्थापना की।

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के नेताओं ने भारत में सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने, अंतर-धार्मिक संवाद और चर्चा आयोजित करने और मानवाधिकारों और नागरिक स्वतंत्रता की सुरक्षा के लिए धार्मिक जन-मोर्चा नामक धार्मिक नेताओं, गुरुओं और सभी प्रमुख धर्मों के प्रमुखों का एक राष्ट्रीय निकाय बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई।

सामुदायिक विकास कार्य:

जमाअत ने मुस्लिम समुदाय के सर्वांगीण विकास विशेष रूप से शिक्षा, अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास को सुनिश्चित करने के प्रयास किए। इसने मुसलमानों की समस्याओं को हल करने में मदद करने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की। कुछ मुख्य सामुदायिक मुद्दे जैसे बेरोजगारी, सामाजिक चुनौतियाँ और समुदाय के भीतर व्याप्त गैर-इस्लामिक प्रथाएँ और रीति-रिवाज को  जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने हल करने के प्रयास किए। समुदाय के भीतर एकता और सौहार्द पर ध्यान केंद्रित करते हुए जमाअत ने विभिन्न मुस्लिम संगठनों और विचारधारा के बीच एक पुल स्थापित करने में निस्वार्थ प्रयास किया। जमाअत के नेताओं ने ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मुशावरत (एआईएमएमएम) के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो मुस्लिम संगठनों और संस्थानों का एक शीर्ष संघीय मंच है और सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करता है। इसका गठन 1964 में हुआ था। जमाअत के रहनुमाओं ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी), जो भारतीय मुसलमानों का एक प्रमुख निकाय है, के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह संगठन सभी विचारधाराओं और संप्रदायों के विद्वानों और नेताओं का प्रतिनिधित्व करता है। इस शीर्ष निकाय की स्थापना 1972 में भारत में “मुस्लिम पर्सनल लॉ” की सुरक्षा और निरंतर प्रयोज्यता के लिए उपयुक्त रणनीति अपनाने के प्राथमिक उद्देश्य से की गई।

 

जमाअत के लीडरों और कैडरों ने देश भर में मानवीय और कल्याणकारी कार्यक्रमों को चलाने के लिए विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य रूप से स्वास्थ्य और अनाथों की देखभाल, पेयजल और प्रकाशन पर ध्यान केंद्रित की। 2006 में, जमाअत के रहनुमाओं ने देश के अन्य प्रमुख नागरिक समाज के साथ मिलकर VISION-2016 नामक मल्टी-डोमेन कार्यक्रम के तहत जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में समुदाय को मजबूत करने के लिए एक व्यापक और दीर्घकालिक सामुदायिक विकास कार्यक्रम शुरू किया।

 

शिक्षा:

अपनी स्थापना काल से ही  जमाअत-ए-इस्लामी हिंद अल्पसंख्यकों के लिए शिक्षा को सुलभ और अनिवार्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अच्छी शिक्षा के महत्व और विशेष रूप से हमारी शिक्षा प्रणाली में नैतिक मूल्यों के ह्रास को महसूस करते हुए जमाअत ने आरम्भ से ही इस क्षेत्र को अत्यंत गंभीरता से लिया है। जमाअत ने मुसलमानों को ऐसे शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जो सामाजिक और राष्ट्रीय विकास में योगदान दे सकें। नतीजतन, जमाअत के कैडरों ने देश भर में बड़ी संख्या में कॉलेज, स्कूल, अकादमियां, विश्वविद्यालय, मदरसे, तकनीकी और अनुसंधान संस्थान स्थापित किए। इतना ही नहीं, इसने  अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के स्तर को उन्नत करने के लिए कई स्कूली पाठ्यपुस्तकें भी तैयार की हैं। नियमित शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के अलावा, इसने बीएड के बराबर पाठ्यक्रम तैयार किया है जो मदरसों के छात्रों के लिए एक वरदान है।

सरकारी नीतियां और राजनीति:

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद उन सरकार की उन नीतियों की सराहना और समर्थन करती है जो देश के लिए कल्याण सुनिश्चित करती हैं और जिससे लाखों नागरिकों को लाभ पहुँचता है। साथ ही जमाअत केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी योजनाओं का विरोध करती है।

उतार - चढ़ाव:

सात दशकों से अधिक की अपनी लंबी यात्रा में जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, कई परीक्षणों और कठिनाइयों का सामना किए है।1975 में आपातकाल के दौरान और फिर 1992 में बिना किसी वैध कारण के संगठन पर सरकार ने गंभीर प्रतिबंध लगा दिए। सम्मानित विद्वानों और स्वयंसेवकों को जेल में डाल दिया गया, फिर भी कठिनाइयों ने उन्हें विचलित नहीं किया। उन्होंने कभी हार नहीं मानी और सत्य की राह पर अपनी यात्रा उसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ जारी रखी, जिसके साथ उन्होंने शुरुआत की थी। पहला प्रतिबंध आपातकाल हटने के बाद रद्द कर दिया गया था, जबकि दूसरा प्रतिबंध भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पलट दिया गया था। प्रतिबंध को पलटने का फैसला सुनाते हुए, शीर्ष अदालत ने संगठन के बारे में टिप्पणी की कि जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ” एकेश्वरवाद और विश्वबंधुत्व में विश्वास के साथ राजनीतिक, धर्मनिरपेक्ष और आध्यात्मिक पहचान रखने वाला एक अखिल भारतीय संगठन है”।

सार्वजनिक कार्यक्रम:

अवाम तक इस्लाम का शांतिपूर्ण संदेश पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें शिक्षित करने और उनमें फैली गलतफहमियों को दूर करने के लिए, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद देश भर में बड़े सम्मेलन और जलसे आयोजित करती है। देश के कई नगरों में जमाअत ने विभिन्न अवसरों पर क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किये। संगठन की राज्य शाखाओं ने भी नियमित अंतराल पर अलग-अलग सम्मेलन आयोजित किये। पहला राष्ट्रीय अधिवेशन 1951 में रामपुर (उत्तर प्रदेश) में, उसके बाद 1952 में हैदराबाद, 1960 में नई दिल्ली, 1967 में हैदराबाद, 1974 में पुनः नई दिल्ली तथा 1981 में हैदराबाद में आयोजित किया गया। बाद में, इसने देश भर में क्षेत्रीय या राज्यस्तरीय  सम्मेलन आयोजित किये। 1998-99 में, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने आध्यात्मिकता की भावना पैदा करने के साथ-साथ आम लोगों को शिक्षित करने के लिए केंद्रीय विषय “अल्लाह की ओर दौड़ो” पर पांच स्थानों – इलाहाबाद (उत्तर प्रदेश), मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल), मुंबई (महाराष्ट्र), बेंगलुरु (कर्नाटक), कोझीकोड (केरल) में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए। इन सम्मेलनों में दो मिलियन से अधिक लोगों ने भाग लिया।

कैडर अभिविन्यास:

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने अपने सदस्यों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के सर्वांगीण विकास, शुद्धिकरण, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और कौशल विकास के लिए व्यापक प्रयास किए। उनके उन्मुखीकरण और प्रशिक्षण के लिए, जमाअत अखिल भारतीय कैडर सम्मेलनों, कार्यशालाओं और साप्ताहिक या 10-दिवसीय प्रशिक्षण कक्षाओं का आयोजन करती है। आमतौर पर, अखिल भारतीय कैडर सम्मेलन हर चार साल के कार्यकाल के दौरान एक बार आयोजित किया जाता है, जिसमें इसके सभी सदस्य भाग लेते हैं। ये अखिल भारतीय कैडर सम्मेलन 1997 में हैदराबाद में, 2002 और 2010 में नई दिल्ली में तथा 2015 में हैदराबाद में आयोजित किये गये।

प्रकाशन:

इस्लाम का सच्चा संदेश आम आदमी तक पहुंचाने के लिए, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के रहनुमाओं ने पवित्र क़ुरआन का उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 17 अन्य भाषाओं में अनुवाद करने में अग्रणी भूमिका निभाई। भारत में इस्लामी साहित्य और पुस्तकें तैयार करने में जमाअत के नेताओं और सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने क़ुरआन, हदीस, पैगंबर की जीवनी, पैगंबर के साथियों की जीवनी, प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, समय प्रबंधन, मानवाधिकार, आत्मकथा, संस्मरण, अध्यात्मवाद, कानून, राजनीति, महिलाओं, शिक्षा, बच्चों का साहित्य, स्कूल की पाठ्य पुस्तकें और कुछ अन्य विषयों पर उर्दू, हिंदी, अंग्रेजी और अन्य स्थानीय भाषाओं में सैकड़ों पुस्तकें लिखीं। जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के कार्यकर्ताओं ने देश भर में क्षेत्रीय भाषाओं में विभिन्न प्रकाशन गृह स्थापित किये।

मीडिया:

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने देश में शुरू से ही अपने कार्यकर्ताओं को देश में सच्चाई, प्रामाणिकता, एकता और भाईचारे को कायम रखने के लिए मीडिया हाउस और समाचार पत्रों की स्थापना के लिए प्रेरित किया। जमाअत कार्यकर्ताओं ने विभिन्न भाषाओं में अनेक पत्रिकाएं और समाचार पत्र स्थापित किए हैं, जिनमें समाचार पोर्टल, समाचार चैनल और मीडिया हाउस शामिल हैं, जिनमें से कुछ को मुख्यधारा के मीडिया में व्यापक सम्मान प्राप्त है।

छात्रों और युवाओं के बीच कार्य:

राष्ट्र निर्माण के लिए एक आदर्श समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका और उनकी क्षमताओं को दृष्टि में रखकर तथा इस्लामी मूल्यों के अनुरूप उनके उत्थान पर ध्यान केंद्रित करते हुए, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद ने 1982 में स्कूलों, कॉलेजों और मदरसों के छात्रों के लिए एक मंच, स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसआईओ) की स्थापना की। फिलहाल, एसआईओ देश के सबसे बड़े छात्र संगठनों में से एक है जिसके हजारों वालंटियर्स और लाखों समर्थक हैं। एसआईओ युवाओं के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा पिछले 30 वर्षों से उनसे सम्बंधित मुद्दों पर काम कर रहा है। यह शैक्षिक प्रणाली में मूल्यों को बढ़ावा देने तथा शैक्षिक संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक और नैतिक माहौल बनाने का प्रयास करता है।

जेआईएच ने 1984 में राज्य स्तर पर गर्ल्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (जीआईओ) की स्थापना की। कई दशकों से, जीआईओ सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों, कौशल विकास प्रशिक्षण और इस्लाम के मूल्यों को विकसित करने के लिए लड़कियों, कॉलेजों और मदरसों की छात्राओं को जागरूक करने में सक्रिय रही है ताकि उन्हें उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक और जवाबदेह बनाया जा सके। बड़ी संख्या में मुस्लिम और गैर-मुस्लिम छात्राएं जीआईओ की सुविधाओं का लाभ उठा रही हैं।

कानूनी सहायता:

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद हमेशा निर्दोष पीड़ितों और समाज के कमजोर वर्गों को कानूनी सहायता और अन्य सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर रहती है। इस दृष्टिकोण को क्रियान्वित करने के लिए, जमाअत ने समान विचारधारा वाले संगठनों के साथ-साथ वकीलों और गैर-लाभकारी संगठनों को भी प्रोत्साहित किया जो उनके साथ सहानुभूति रखते हैं। इसके अलावा, जमाअत के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ समन्वय और समानांतर काम किया।

आर्थिक एवं वित्तीय क्षेत्रों में कार्य:

2015 में, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के रहनुमाओं ने ब्याज मुक्त बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय संस्थानों की स्थापना की और मुक्त बाजारों और ब्याज-आधारित वित्त जैसी प्रचलित पारंपरिक अर्थव्यवस्था के विकल्प के रूप में इस्लामी अर्थव्यवस्था और इस्लामी वित्तीय प्रणाली को प्रस्तुत किया। इसका एक उद्देश्य इस्लामी अर्थव्यवस्था और वित्त के क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्तरीय अनुसंधान, अध्ययन और प्रशिक्षण का एक संस्थान विकसित करना है।

 

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के रहनुमाओं ने माइक्रोफाइनेंस सोसाइटियों के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसका उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक असमानताओं को कम करने के लिए ब्याज मुक्त माइक्रो फाइनेंस विकल्प प्रदान करना और बड़े पैमाने पर शैक्षिक और वित्तीय रूप से पिछड़े वर्गों के लिए न्याय और समानता प्राप्त करना था।

नेतृत्व एवं व्यक्तित्व:

हजारों सदस्य, वालंटियर्स और लाखों समर्थक जमाअत-ए-इस्लामी हिंद की वास्तविक प्रेरक शक्ति हैं जो इस्लाम की उत्कृष्ट विचारधारा को कायम रखते हैं। जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के पहले अमीर (अध्यक्ष) मौलाना अबुल लैस नदवी जैसे दूरदर्शी व्यक्ति के उल्लेखनीय मार्गदर्शन के बाद, जमाअत को रहनुमाओं और अध्यक्षों के रूप में विभिन्न महाप्रुषों का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मौलाना मोहम्मद यूसुफ, मौलाना मोहम्मद सिराजुल हसन, डॉ. मोहम्मद अब्दुल हक अंसारी और मौलाना सैयद जलालुद्दीन उमरी जैसे मार्गदर्शकों और इस्लामी विद्वानों के उपरांत, प्रसिद्ध लेखक और विद्वान श्री सैयद सदातुल्लाह हुसैनी के मार्गदर्शन में जमाअत-ए-इस्लामी हिंद उत्कृष्टता का अपना कार्य जारी रखे हुए है।