मदीना शहर का अनुकरणीय स्वास्थ्य सुरक्षा और शांति व्यवस्था

सितम्बर 8, 2025

जमाअत–ए–इस्लामी हिन्द  के सभागार में ‘ सीरतुन्नबी के दुर्लभ और अद्वितीय पहलू‘ पर जन सभा

“पैगंबर मुहम्मद (सल्ल.) के जीवन के ऐसे अनगिनत पहलू हैं जिन्हें नई पीढ़ी के सामने पुनः प्रस्तुत करने की ज़रुरत है। विशेषकर, इस्लामी राज्य के गठन में जिन कारकों के कारण यह परिवर्तन हुआ, खासतौर से, इस्लामी राज्य के गठन में जिन विशेषताओं के कारण बदलाव आया उन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए”। ये विचार जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के सचिव और मासिक पत्रिका “जिंदगी नौ” के संपादक मौलाना मोहिउद्दीन गाजी ने व्यक्त किये।

जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द के मुख्यालय के सभागार में ‘ सीरतुन्नबी के दुर्लभ और अद्वितीय पहलू’ विषय पर आयोजित साप्ताहिक जन सभा को संबोधित करते हुए मौलाना मोहिउद्दीन गाजी ने “पैगंबर (सल्ल.) के जीवन के उन पहलुओं पर प्रकाश डाला जो सर्व साधारण की नजरों से छिपे हुए हैं। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि सीरतुन्नबी के दुर्लभ और अनूठे पहलु से तात्पर्य यह है कि मुहम्मद (सल्ल.) के उन हिस्सों पर गौर किया जाए जिन पर प्रायः चर्चा नहीं होती है। मदीना प्रवास के बाद इस्लामी समाज में जो नय और अनोखे बदलाव आये उनपर विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अल्लाह के रसूल मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) ने मदीना में जिस नये समाज का निर्माण किया उसकी उस समय कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। नया सभ्य समाज नैतिक रूप से सर्वोत्तम, पवित्र और अद्वितीय था। मदीना राज्य की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मौलाना मोहिउद्दीन गाजी ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के मामले में मदीना एक अनुकरणीय समाज था। पैगंबर मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) स्वयं अपने स्वास्थ्य और आहार के प्रति अत्यंत सचेत रहते थे। मदीना के समाज में बीमारियों का जिक्र बहुत कम होता है। इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि मदीना के समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति सामान्य जागरूकता थी।

सार्वजनिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अमन एवं शांति कि दृष्टि से मदीना यह एक अद्वितीय समाज था। इतिहास में यह पहली बार था कि किसी राज्य का गठन बिना किसी रक्तपात या संघर्ष के हुआ। इस्लामी राज्य में लोगों के जीवन, संपत्ति, सम्मान और गरिमा की पूरी तरह से रक्षा की जाती थी। पैगंबर मुहम्मद (सल्ल.) के काल का मदनी समाज अपराध से लगभग मुक्त था। इस आदर्श समाज में बलात्कार की एक भी घटना नहीं मिलती है। इस्लाम सज़ा से ज़्यादा सज़ा के कारणों के रोकथाम पर अधिक बल देता है। आमतौर पर जब किसी राज्य की नींव राखी जाती है तो बड़े पैमाने पर रक्तपात होता है। लेकिन अल्लाह के रसूल (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) ने मदीना के सभी वर्गों को अपने विश्वास में लिया और एक शांतिपूर्ण राज्य की नींव रखी। प्रवास के बाद मदीना के सभी कबीले और समूह नये राज्य में शामिल हो गये।

गुलामी के अभिशाप पर विचार रखते हुए मोहिउद्दीन गाजी ने कहा कि गुलामी के खिलाफ सबसे पहले आवाज इस्लाम ने उठाई। इस्लाम ने एक ऐसा आंदोलन शुरू किया जिसमें मानव दासता के लिए कोई स्थान नहीं था। इस आंदोलन ने बड़े पैमाने पर गुलामों को मुक्त करने का जज़्बा पैदा किया। पैगंबर मुहम्मद (सल्ल.) के काल में मदीना का समाज गुलामी से मुक्त हो चुका था।

आर्थिक व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पैग़म्बरी के अंतिम काल में मदनी समाज आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो गया था। मदीना से गरीबी और निर्धनता लगभग समाप्त हो चुका था। ऐसा इसलिए था क्योंकि अल्लाह के रसूल (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) ने मदीना को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया था और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मदीना बाज़ार की स्थापना की थी। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि जो लोग इस्लामिक राज्य की अवधारणा का मजाक उड़ाते हैं और इसके बारे में झूठी कहानियां गढ़ते हैं, उन्हें इन दृष्टिकोणों से पैगम्बर (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) की जीवनी का अध्ययन करने की आवश्यकता है।

संबोधन के उपरांत प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया। इसमें जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द के पदाधिकारियों के अतिरिक्त बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन ज़हीर अहमद ने किया।

मोहब्बत बांटें
पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान से जमाअत का प्रतिनिधिमंडल मिला; पुलिसकर्मियों के खिलाफ़ तुरंत FIR और कार्रवाई की मांग की

पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान से जमाअत का प्रतिनिधिमंडल मिला; पुलिसकर्मियों के खिलाफ़ तुरंत FIR और कार्रवाई की मांग की

जमाअत-ए-इस्लामी हिंद का एक प्रतिनिधिमंडल पत्रकार शाहीन खान, नफीसा खान और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और...

रमज़ान धर्मपरायणता, करुणा, धैर्य और  आत्म-संघर्ष के अभ्यास का महीना है: सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी

रमज़ान धर्मपरायणता, करुणा, धैर्य और आत्म-संघर्ष के अभ्यास का महीना है: सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी

नई दिल्ली, 15 मार्च 2025: जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के मुख्यालय में आयोजित इफ्तार पार्टी की एक बड़ी सभा को संबोधित करते हुए...

0 Comments