
केन्द्र सरकार द्वारा 12 साल तक की बच्ची से बलात्कार के दोषी को अधिकतम फांसी की सज़ा का प्रावधान किये जाने का जमाअत इस्लामी हिन्द ने स्वागत किया है।
जमाअत इस्लामी हिन्द के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद सलीम इन्जीनियर ने आज जारी एक बयान में कहा कि हम आपराधिक क़ानून (संशोधन) अध्यादेश 2018 का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि जमाअत यह महसूस करती है कि बलात्कार जैसे जघन्य अपराध में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए मृत्युदंड अति आवश्यक है, इससे इस प्रकार के अपराधों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बलात्कार, मानवता की जननी नारी के प्रति एक घिनौना अपराध है। उन्होंने मांग की कि शराब तथा अश्लील वीडियोज़ को भी प्रतिबंधित किया जाना चाहिये जो इस प्रकार के अपराधों के प्रमुख कारण हैं।
उन्होंने कहा कि हम पहले से ही बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए मृत्युदंड की मांग करते रहे हैं चाहे पीडिता की आयु कुछ भी हो। जमाअत ने निर्भया केस के समय भी जस्टिस वर्मा कमीशन द्वारा आपराधिक क़ानून में संशोधन कर बलात्कार के दोषियों को त्वरित तथा अधिकतम सज़ा दिये जाने का समर्थन करते हुए बलात्कारियों के लिए मुत्यु दंड की सिफ़ारिश की थी, जिससे कि बलात्कार के दोषियों को त्वरित दंड दिया जा सके। उन्होंने कहा कि बलात्कार के मामलों में मुत्युदंड जैसे कठोरतम दंड का प्रावधान किये जाने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि घटना की पूर्ण एवं निष्पक्ष जाँच की जाए तथा ठोस सबूतों के आधार पर ही सज़ा दी जाए।
प्रेषक
मीडिया विभाग
जमाअत इस्लामी हिन्द




0 Comments