
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर 2025:
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने गज़ा में महीनों के अभूतपूर्व रक्तपात के बाद इजरायल और फिलिस्तीनी प्रतिरोध के बीच हालिया युद्ध विराम का स्वागत करते हुए इसे एक “सकारात्मक और आशाजनक कदम” बताया।
मीडिया को जारी एक बयान में जमाअत अध्यक्ष ने कहा, “हम इस युद्धविराम का स्वागत गज़ा के तबाह लोगों के लिए एक लंबे समय से प्रतीक्षित राहत के रूप में करते हैं। फिर भी, हम इस बात पर ज़ोर देते हैं कि एक पूर्ण संप्रभु और स्वतंत्र फ़िलिस्तीनी राज्य की स्थापना के बिना शांति और न्याय अधूरा रहेगा। फिलिस्तीन के लोग अपनी ज़मीन पर सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता के साथ रह सकें। अब दुनिया को यह सुनिश्चित करना होगा कि यह युद्धविराम एक व्यापक और न्यायपूर्ण शांति की नींव बने – न कि नए विनाश से पहले एक और विराम।”
इस सफलता को संभव बनाने में योगदान देने वाले दुनिया भर के साहसी और सिद्धांतवादी लोगों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “मानवता के विरुद्ध इस युद्ध ने कई सरकारों के पाखंड को उजागर किया और साथ ही दुनिया भर के आम लोगों में सहानुभूति और विवेक की स्थायी भावना को भी स्पष्ट किया है। उनकी नैतिक बेचैनी, विरोध और एकजुटता ने यह आशा फिर से जगा दी है कि मानवता अभी भी जीवित है। यह नैतिक जागृति तब तक जीवित और सजग रहनी चाहिए जब तक कि फ़िलिस्तीन के लोग एक स्वतंत्र, संप्रभु और स्वतंत्र राज्य में रहने का अपना पूर्ण अधिकार प्राप्त नहीं कर लेते जो कब्जे, नाकाबंदी और भय से मुक्त हो।”
सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने युद्धविराम समझौते में सहमति के अनुसार गज़ा में एक जन आधारित सरकार की आवश्यकता पर ज़ोर दिया और बाहरी हस्तक्षेप के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा, “यह सुनिश्चित करने के लिए सावधानी बरतनी होगी कि निगरानी या स्थिरता के नाम पर, फ़िलिस्तीनी लोगों पर अवांछित विदेशी तत्वों को न थोपा जाए। गाजा के प्रशासन को अपने नागरिकों की इच्छा और आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करना चाहिए।”
उन्होंने तत्काल मानवीय और पुनर्निर्माण प्रयासों की पुरज़ोर अपील की और प्रतीकात्मक प्रयासों से आगे बढ़कर वैश्विक कार्रवाई का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “गज़ा के लोगों को भोजन, दवा, आवास और आशा की सख़्त ज़रूरत है। अस्पताल खंडहरों में तब्दील हो चुके हैं, बच्चे मलबे के बीच पढ़ाई कर रहे हैं, और परिवार पानी या बिजली के बिना जी रहे हैं। दुनिया इससे मुँह नहीं मोड़ सकती। अब ज़रूरत है घरों, स्कूलों और अस्पतालों के पुनर्निर्माण और इस क्षत-विक्षत भूमि पर जीवन और सम्मान बहाल करने के लिए निर्णायक, समन्वित वैश्विक कार्रवाई की। हर दिन की देरी से निर्दोष लोगों की जान और ज़्यादा जा रही है।”
सैयद हुसैनी ने फ़िलिस्तीनी लोगों के संयम और दृढ़ता की प्रशंसा करते हुए इसे पूरी दुनिया के लिए एक नैतिक प्रकाशस्तंभ बताया। “गज़ा के लोगों के साहस, धैर्य और अटूट विश्वास ने दुनिया को प्रेरित किया है। उन्होंने अकल्पनीय कष्ट सहे हैं, फिर भी भारी शक्ति के सामने अडिग रहे हैं। उनकी दृढ़ता न केवल उनकी भूमि की रक्षा है, बल्कि मानवीय विवेक की भी रक्षा है।”
अंत में उन्होंने कहा, “हम प्रार्थना करते हैं कि यह युद्धविराम न्याय और समानता पर आधारित एक स्थायी शांति की शुरुआत का प्रतीक हो। फ़िलिस्तीन के लोगों ने दुनिया की खामोशी की बहुत बड़ी कीमत चुकाई है; अब समय आ गया है कि मानवता उनके साथ आज़ादी के लिए, सच्चाई के लिए और हमारे युग के नैतिक अस्तित्व के लिए दृढ़ता से खड़ी हो।”
उन्होंने भारत सरकार से युद्धोत्तर पुनर्निर्माण में सैद्धांतिक और सक्रिय भूमिका निभाने, फिलिस्तीन के लिए अपने ऐतिहासिक समर्थन की पुष्टि करने तथा एक पूर्ण संप्रभु फिलिस्तीनी राज्य की शीघ्र स्थापना की वकालत करने का भी आग्रह किया, जो अपने लोगों द्वारा स्वतंत्र रूप से शासित हो तथा जिसे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा मान्यता प्राप्त हो।





0 Comments