जवाबदेही की मांग और भारत सरकार से कड़े कूटनीतिक कदम उठाने का आग्रह किया
नई दिल्ली, 12 जून 2026।
जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने ओमान तट के पास कमर्शियल टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर अमेरिकी सेना के हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें तीन भारतीय नाविकों की दुखद मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह भारतीय क्रू सदस्यों वाला तीसरा जहाज़ है जिस पर हाल के दिनों में अमेरिकी सेना ने हमला किया है। बेगुनाह लोगों की जान जाने पर गहरा दुख जताते हुए सैयद सआदुल्लाह हुसैनी ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल समय में उनके लिए साहस और धैर्य की प्रार्थना की।
हमले की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के जहाज़ को निशाना बनाने और भारतीय नागरिकों की हत्या को ‘कोलेटरल डैमेज’ कहकर नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। व्यावसायिक समुद्री मार्ग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीवन-रेखा के समान महत्वपूर्ण हैं और सैन्य अभियानों से आम नागरिकों के तौर पर समुद्री क्षेत्र में काम करने वालों की जान कभी भी खतरे में नहीं पड़नी चाहिए। ऐसी हरकतें मानवीय सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन हैं, अंतरराष्ट्रीय नियमों को कमजोर करती हैं और पूरे क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए खतरा पैदा करती हैं।
सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने कहा: “अमेरिकी सेना के लापरवाह हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत बेहद परेशान करने वाली और अस्वीकार्य है। कोई भी सैन्य या राजनीतिक उद्देश्य निर्दोष नागरिकों के विरुद्ध आक्रामकता को उचित नहीं ठहरा सकता। हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार पीड़ितों के लिए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करते हैं।”
जमाअत के अध्यक्ष ने भारत सरकार से इस मामले पर मज़बूत और स्पष्ट रुख अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने सरकार से इस हमले और भारतीय नागरिकों की हत्या पर कड़ा राजनयिक विरोध दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों को उचित मुआवज़ा देने के साथ-साथ तत्काल आर्थिक सहायता, आश्रितों के लिए रोज़गार में मदद और सभी ज़रूरी राहत व पुनर्वास उपाय करने की भी मांग की।
बढ़ते क्षेत्रीय संघर्ष पर जमाअत-ए-इस्लामी हिंद का पक्ष दोहराते हुए सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने कहा कि ईरान के खिलाफ़ अमेरिका और इज़राइल की सैन्य आक्रामकता अंतरराष्ट्रीय कानून और देशों के व्यवहार के सर्वमान्य नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों के जारी रहने से क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है, नागरिकों की जान को खतरा हो सकता है, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों में बाधा आ सकती है और वैश्विक शांति व आर्थिक स्थिरता को नुकसान पहुँच सकता है। जमाअत के अध्यक्ष ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और भारत सरकार से अपील की है कि वे इस इलाके में जारी संघर्ष को बढ़ने से रोकने के लिए असरदार ढंग से दखल दें और इंसानी ज़िंदगी व अंतरराष्ट्रीय कानून की गरिमा बनाए रखें।





0 Comments